सहरसा के पटेल मैदान में खादी शिल्प उत्सव मेले का आगाज, 15 राज्यों के उत्पादों की सजी दुकानें

6 से 28 नवंबर तक चलेगा मेला, खादी के गर्म कपड़ों से लेकर फर्नीचर और सजावटी सामान तक की खरीदारी का मिलेगा मौका

सहरसा। शहर के पटेल मैदान में शुक्रवार को खादी शिल्प उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला भूमि सुधार पदाधिकारी धीरज कुमार ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। यह मेला 6 नवंबर से 28 नवंबर तक चलेगा। मेले में देश के 15 राज्यों के दुकानदार अपने उत्पादों और हस्तशिल्प के साथ पहुंचे हैं। यहां खरीदारी के साथ लोगों को विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।


उद्घाटन के मौके पर जिला भूमि सुधार पदाधिकारी धीरज कुमार ने कहा कि धनतेरस, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों को देखते हुए मेले का आयोजन किया गया है। यहां खादी के कपड़ों के अलावा घरेलू उपयोग की वस्तुएं, फर्नीचर और सजावटी सामान भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देना चाहती है। इस तरह के आयोजन से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।


मेले के संचालक सुधीर शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी खादी शिल्प उत्सव मेले का आयोजन किया गया है। इसमें 15 राज्यों के दुकानदार अपने आकर्षक उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। गुजरात के बेडरूम फर्नीचर सहित कई तरह के फर्नीचर और सहारनपुर के प्रसिद्ध फर्नीचर के स्टॉल लगाए गए हैं। बंगाल, गुजरात सहित अन्य राज्यों के दुकानदार पहली बार सहरसा में अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रहे हैं।


सर्दी के मौसम को देखते हुए मेले में खादी के गर्म कपड़ों की विशेष रेंज भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा घरेलू सामान, हस्तशिल्प और सजावटी वस्तुओं की भी कई दुकानें सजाई गई हैं।


आयोजकों के अनुसार मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। त्योहारों और ठंड के मौसम को देखते हुए मेले में अच्छी भीड़ जुटने की उम्मीद है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जवानों की तैनाती की गई है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *