सहरसा में पंचायत की 54 लाख रुपये की अग्रिम राशि पर उठे सवाल, 22 योजनाओं में गड़बड़ी का आरोप

नवहट्टा के बकुनियां पंचायत का मामला, आवेदक ने डीएम से की सरकारी राशि की वसूली और कानूनी कार्रवाई की मांग

सहरसा। जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत बकुनियां ग्राम पंचायत में विकास योजनाओं से जुड़ी करीब 54 लाख रुपये की अग्रिम राशि को लेकर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में आवेदक अमित कुमार ने जिलाधिकारी सहित कोसी प्रमंडल के आयुक्त को आवेदन देकर मामले की जांच, सरकारी राशि की वसूली और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।


आवेदक का आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2009-10 से 2015-16 के बीच पंचायत की 22 योजनाओं के लिए अग्रिम भुगतान किया गया, लेकिन संबंधित योजनाओं पर धरातल पर काम नहीं कराया गया। आवेदक के अनुसार, वर्ष 2017 में महालेखाकार (CAG) की ऑडिट रिपोर्ट में भी इस मामले से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।


आवेदन में दावा किया गया है कि तत्कालीन जिलाधिकारी और जिला पंचायती राज पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा सरकारी राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया था। इसमें तत्कालीन मुखिया मंजू देवी और पंचायत सचिव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ कथित बकाया राशि ब्याज सहित वसूलने के लिए नीलामपत्र वाद की कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है।

कार्रवाई नहीं होने का आरोप


आवेदक अमित कुमार का आरोप है कि इतने वर्षों बाद भी सरकारी राशि की वसूली नहीं हो सकी है और मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत सचिव द्वारा उन्हें गलत तरीके से धमकाया जा रहा है।


आवेदक ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की समीक्षा कर सरकारी राशि की वसूली और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की वर्तमान स्थिति, प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *