बिहार की बेटी और प्रसिद्ध साइकिलिस्ट व पर्वतारोही सबिता महतो को सहरसा नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने इसकी घोषणा की। सबिता महतो को यह जिम्मेदारी मिलने से नगर निगम ने गौरव व्यक्त किया है। वह अब शहर में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने कहा कि बिहार की बेटी सबिता महतो ने अपनी मेहनत, लगन और साहस के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों सहित संबंधित लोगों की इच्छा से उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सबिता महतो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत और यूथ आइकॉन हैं। उनके माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी। नगर निगम ने उन्हें स्वच्छता दूत की भूमिका भी सौंपी है।
सारण जिले के पानापुर गांव की रहने वाली सबिता महतो का जीवन संघर्ष और उपलब्धियों की मिसाल है। उन्होंने साइकिल से 173 दिनों में देश के 29 राज्यों की यात्रा कर रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा, उन्होंने नेपाल के लुकला से 5,364 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एवरेस्ट बेस कैंप तक का सफर महज 64 घंटे में पूरा कर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।
सबिता ने लद्दाख में उम्लिंग ला और मिग ला जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले मार्गों पर साइकिल चलाकर भी अपनी क्षमता का परिचय दिया है। उनका सपना माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करना है, जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर अपने हौसले और मेहनत से पहचान बनाने वाली सबिता महतो को सहरसा नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। अब वह अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ स्वच्छ और सुंदर सहरसा के निर्माण में भी योगदान देंगी।






