पूर्वी चंपारण की मुखिया ज्योति कुमारी का KBC में जलवा, अमिताभ बच्चन के साथ साझा करेंगी मंच

पूर्वी चंपारण। इरादे मजबूत हों तो सफलता की राह में कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। इस बात को पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया प्रखंड अंतर्गत मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी ने अपनी उपलब्धियों से साबित किया है। पंचायत में विकास कार्यों, पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था को लेकर किए गए प्रयासों ने अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी को देश के चर्चित टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच पर विशेष रूप से आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि 7 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित KBC के कार्यक्रम में ज्योति कुमारी शामिल होंगी और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करेंगी।

बताया जा रहा है कि इस विशेष कार्यक्रम के लिए पूरे बिहार से मुखिया के रूप में ज्योति कुमारी का चयन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मठिया पंचायत में हुए विभिन्न विकास कार्यों पर तैयार की गई एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। इसमें पंचायत में शिक्षा, स्वास्थ्य, पारदर्शी व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों के साथ-साथ पंचायत में आए बदलाव को दर्शाया जाएगा।

ज्योति कुमारी की इस उपलब्धि को लेकर मठिया पंचायत के लोगों और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत स्तर पर किए गए कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

गौरतलब है कि ज्योति कुमारी को पंचायत में बेहतर और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए पहले भी राज्य स्तर पर सम्मान मिल चुका है। उन्हें उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी द्वारा भी सम्मानित किए जाने की बात कही गई है।

अपनी उपलब्धि पर ज्योति कुमारी ने कहा कि पंचायत की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वही उन्हें लगातार बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने इस उपलब्धि को मठिया पंचायत की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम बताया।

Related Posts

वन श्रमिक संघ का DFO कार्यालय के समक्ष धरना, बकाया मजदूरी भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

वन श्रमिक संघ का DFO कार्यालय के समक्ष धरना, बकाया मजदूरी भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

सहरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; देसी कट्टा के साथ 5 गिरफ्तार

सहरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; देसी कट्टा के साथ 5 गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *