सहरसा में अभिजीत सिंह की गोली मारकर हत्या, बंद घर से मिला शव जॉच में जुटी पुलिस

खबर बिहार के सहरसा से है, जहां सदर थाना क्षेत्र के बंपर चौक स्थित बाबाजी चौक इलाके में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को बंद घर से उनका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान बरवारी निवासी स्वर्गीय हर्षवर्धन सिंह के पुत्र अभिजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभिजीत की उम्र 25 वर्ष बताई गई है, जबकि स्थानीय स्तर पर उनकी उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार शव एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सदर थाना पुलिस को मिली कि एक बंद घर में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर पंकज कुमार सिंह तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।


बताया जा रहा है कि शुरुआत में तकिए से मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, एफएसएल जांच के दौरान तकिया हटाए जाने पर अभिजीत की कनपटी के पास गोली लगने की बात सामने आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया है।


डीएसपी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और प्रारंभिक जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार अभिजीत को दो दिन पूर्व अपने दोस्तों के साथ देखा गया था। पुलिस उसके बाद की गतिविधियों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।


भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा ने बताया कि अभिजीत के माता-पिता की करीब सात-आठ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनका छोटा भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है, जबकि अभिजीत घर में अकेले रहते थे। बताया गया कि अभिजीत के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज थे।


पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में भी मृतक का गंभीर आपराधिक इतिहास होने की बात कही गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी विवाद को हत्या का संभावित कारण मानकर चल रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *