सहरसा पुलिस को संध्या गश्ती अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस ने किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे दो वांछित अपराधियों को दो देसी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सहरसा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार की संध्या सदर अस्पताल चौकी प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात रोहित कुमार उर्फ हन्नी चौधरी अपने 5-6 साथियों के साथ नया बाजार काली मंदिर के पीछे स्थित अपने पार्टी कार्यालय में अवैध हथियार के साथ एकत्रित है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी को अवगत कराकर पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी में कार्यालय से 02 देसी पिस्टल और 06 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामद हथियार का कोई वैध कागजात अपराधी नहीं दिखा सके।
गुरुवार को सदर थाना परिसर में सदर SDPO पंकज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। रोहित कुमार उर्फ हन्नी चौधरी, पिता सिवेन्द्र भगत, सा0-सपटियाही वार्ड नं0-12, थाना-सदर उत्कर्षराज, पिता राजेश कुमार सिंह, सा0-गंगजला वार्ड नं0-18/232, थाना-सदर दोनों के विरुद्ध सदर थाना कांड सं0- 1063/26 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


