सहरसा जिले के एक मध्य विद्यालय में फर्जी हाजिरी बनाने और मिड डे मील (MDM) की रिपोर्ट भेजने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले को लेकर विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव ललिता कुमारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, मध्य विद्यालय करहरा का 24 और 25 जुलाई 2026 को निरीक्षण किया गया। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान दोनों दिन विद्यालय बंद मिला और परिसर में ताला लगा था। वहीं शिक्षक और शिक्षिकाएं मोबाइल के माध्यम से घर से ही अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे थे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा 245 बच्चों की फर्जी हाजिरी बनाकर कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। बच्चों को न तो पढ़ाई कराई गई और न ही भोजन दिया गया, जबकि MDM से संबंधित रिपोर्ट विभाग को भेजी गई। 25 जुलाई को भी 248 बच्चों की फर्जी हाजिरी बनाने का आरोप लगाया गया है।
शिक्षा समिति सचिव ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने का भी दावा किया गया है।


