चीन में डैम फटने की सूचना के बाद नेपाल स्थित नारायणी नदी में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की आशंका जताई गई है। इसके चलते नेपाल से सटे बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से होकर गुजरने वाली गंडक नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
जिला आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि नारायणी नदी में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने से गंडक नदी में अत्यधिक पानी आने की संभावना है। इससे नदी के किनारे बसे सभी प्रखंडों के निचले स्तर वाले आबादी क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है
प्रशासन ने नदी के किनारे बसे निचले इलाकों के लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों और उच्च शरण स्थलों पर चले जाने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए कोई भी व्यक्ति तत्काल नदी के किनारे नहीं जाए।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, पश्चिम चंपारण, बेतिया से संपर्क किया जा सकता है।
आपातकालीन संपर्क नंबर:
06254-247002, 06254-247003
मोबाइल: 8757547904
जिला प्रशासन ने कहा है कि आपदा से संबंधित किसी भी सहायता के लिए प्रशासन 24 घंटे तत्पर है।


