बिहार के सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी जेल, वार्ड संख्या-34 में महज तीन अंगुल जमीन को लेकर दो भाइयों के परिवार के बीच हिंसक विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान हुए विवाद में देवर और देवरानी ने ईंट से हमला कर पति-पत्नी को घायल कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की घटना कैद होने का दावा किया जा रहा है।
घायलों की पहचान नेहा भारती और उनके पति श्रवण गुप्ता के रूप में हुई है। वहीं, घायल पक्ष ने रवि डीलर और उनकी पत्नी नेहा गुप्ता (देवर-देवरानी) पर हमला करने का आरोप लगाया है।
घायल नेहा भारती ने बताया कि परिवार के बीच पहले ही संपत्ति का बंटवारा हो चुका है। चार हिस्सों में बंटवारे के तहत तीन भाइयों और एक हिस्सा सास-ससुर के नाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे अपने हिस्से में मकान निर्माण करा रहे थे, लेकिन रवि डीलर और उनकी पत्नी लगातार निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
पीड़िता के अनुसार, रविवार की रात वे अपनी दीवार के पास मौजूद थीं, तभी रवि टेलर ने उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट की जा चुकी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे उन्होंने अपने आरोप के समर्थन में महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया है।
घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं, फिल्हाल दोनों का इलाज चल रहा है






