17 नवंबर को मंत्री रामचंद्र प्रसाद करेंगे उद्घाटन, बच्चों के लिए झूले, डायनासोर समेत कई आकर्षक प्रतिमाएं और मनोरंजन की सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
सहरसा। शहरवासियों, खासकर बच्चों के लिए वन विभाग की ओर से एक और सौगात मिलने जा रही है। सदर अस्पताल मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का उद्घाटन मंगलवार, 17 नवंबर को किया जाएगा। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद दोपहर एक बजे पार्क का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
रेंज वन क्षेत्र पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि वन विभाग की ओर से करीब 1 करोड़ 35 लाख 9 हजार रुपये की लागत से पार्क का सौंदर्यीकरण एवं विकास कराया गया है। पार्क को विशेष रूप से बच्चों के खेलकूद और मनोरंजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
पार्क में बच्चों के लिए रंग-बिरंगे झूले लगाए गए हैं। वहीं हाथी, जिराफ, घोड़े, डायनासोर और गैंडे की आकर्षक प्रतिमाएं भी बनाई गई हैं। इसके अलावा इनडोर स्टेडियम जैसी व्यवस्था के साथ फुटबॉल, बैट-बॉल, खिलौने और गुड़िया सहित खेलने के कई सामान उपलब्ध कराए गए हैं।
बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों के बैठने के लिए परिसर में कंक्रीट की 14 बेंच बनाई गई हैं। पार्क में शौचालय, पेयजल और छोटे बच्चों को दूध पिलाने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। परिसर की चारदीवारी के अंदर कई छोटे घुमावदार गेट बनाए गए हैं। साथ ही रंग-बिरंगे पौधों से पार्क को आकर्षक रूप दिया गया है।
बताया गया कि नगर निगम से हस्तांतरण के बाद पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पार्क को विकसित कराया है। पार्क में सुबह से शाम तक घूमने और मनोरंजन की सुविधा रहेगी। तीन साल तक के बच्चों को प्रवेश निःशुल्क मिलेगा।
गौरतलब है कि सहरसा शहर में पहले से संजय गांधी उद्यान और जयप्रकाश उद्यान मौजूद हैं। भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क के शुरू होने से शहरवासियों को तीसरे पार्क की सौगात मिलेगी। खास बात यह है कि यह पार्क पूरी तरह बच्चों के खेलकूद और मनोरंजन को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।





