दिवाली और छठ महापर्व से पहले नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, त्योहारों से पहले शहर को स्वच्छ बनाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती
सहरसा। नगर निगम में पिछले दो दिनों से जारी गतिरोध और पार्षदों के धरना-प्रदर्शन का आखिरकार अंत हो गया। निवर्तमान नगर आयुक्त के निलंबन की वापसी की मांग पर अड़े 44 वार्ड पार्षदों का धरना उप विकास आयुक्त गौरव कुमार द्वारा नगर आयुक्त का प्रभार संभालने और पार्षदों को समझाने-बुझाने के बाद समाप्त हो गया।
नगर निगम में चल रहे इस घटनाक्रम के बीच उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने नगर आयुक्त का प्रभार ग्रहण कर लिया है। वहीं, धरना किस आश्वासन के आधार पर समाप्त हुआ, इस संबंध में पूछे जाने पर डीडीसी गौरव कुमार ने कहा कि उन्होंने प्रभार ग्रहण कर लिया है। धरना समाप्त होने के मामले पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
हालांकि, धरना समाप्त होने के बाद भी शहरवासियों के सामने सबसे बड़ा सवाल शहर की साफ-सफाई को लेकर है। दिवाली और लोक आस्था के महापर्व छठ का समय नजदीक है, लेकिन अब तक नगर निगम की ओर से व्यापक सफाई अभियान की तैयारी शुरू होने को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है।
छठ महापर्व के दौरान घाटों की सफाई, सड़कों की मरम्मत, नालों की उड़ाही, कचरा उठाव और रोशनी की व्यवस्था जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां नगर निगम के सामने हैं। ऐसे में दो दिनों तक चले गतिरोध के बाद अब नगर निगम की कार्यप्रणाली कितनी तेजी से पटरी पर लौटती है, यह देखने वाली बात होगी।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दिवाली और छठ से पहले शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो पाएगी या फिर इस बार भी शहरवासियों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ेगा






