सहरसा कार्यालय और आवास पर निगरानी टीम की दबिश, पटना व औरंगाबाद में भी एक साथ चल रही कार्रवाई; करीब 30 मिनट तक इंजीनियर से हुई पूछताछ
सहरसा। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पथ निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार के खिलाफ बुधवार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की। निगरानी टीम ने सहरसा, पटना और औरंगाबाद स्थित उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार वर्तमान में सहरसा में पदस्थापित हैं। निगरानी टीम ने सहरसा स्थित उनके सरकारी कार्यालय और आवास पर छापेमारी की। इसके अलावा पटना के दानापुर स्थित गोला रोड और महेश नगर में भी उनकी संपत्ति एवं आवास से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली गई।
बताया जा रहा है कि गोला रोड के महेश नगर स्थित एक फ्लैट पर जब निगरानी टीम पहुंची तो पता चला कि फ्लैट किराये पर दिया गया है। इसके बाद टीम दानापुर के गोला रोड स्थित उनके आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। वहीं, औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित उनके पैतृक आवास पर भी निगरानी टीम ने छापेमारी की।
सहरसा में इंजीनियर से हुई पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, निगरानी की टीम बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सहरसा पहुंची और सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के कार्यालय एवं आवास पर दबिश दी। इस दौरान विजय कुमार से उनके कार्यालय में करीब 30 मिनट तक पूछताछ की गई। इसके बाद टीम आगे की कार्रवाई के लिए पटना रवाना हो गई।
पटना में रेड के दौरान मिले 10 लाख रुपये
छापेमारी के दौरान पटना में निगरानी टीम को करीब 10 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति, नकदी और अन्य दस्तावेजों का आधिकारिक ब्योरा स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल SVU की अलग-अलग टीमें सभी चिह्नित ठिकानों पर दस्तावेजों, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई के बाद पथ निर्माण विभाग में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।






