सहरसा। में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सहरसा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर शिक्षा विभाग के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 11 अक्टूबर के उपलक्ष्य में जिले में एक सप्ताह तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें निबंध लेखन, भाषण और विज्ञान परियोजना जैसी प्रतियोगिताएं शामिल थीं। जिले के विभिन्न विद्यालयों के साथ-साथ बीसी-ईबीसी कन्या आवासीय विद्यालयों की छात्राओं ने भी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कुल 82 छात्राओं का चयन किया गया, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने विज्ञान प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सम्मानित छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए समान अवसर मिलना चाहिए। आज लड़कियां पढ़ाई के साथ-साथ हॉकी और क्रिकेट जैसे खेलों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, लिंगानुपात में सुधार लाने तथा महिलाओं के प्रति होने वाले भेदभाव और हिंसा को रोकने के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।






