बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान शुरू, सहरसा में डीएम-एसडीएम ने लिया जायजा; बेरोजगारी और शिक्षा बने प्रमुख मुद्दे

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हो गया। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतदान को लेकर सहरसा जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। महिला मतदाता भी बड़ी संख्या में केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं।



मतदान प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी दीपेश कुमार, एसडीएम श्रेयांश तिवारी समेत कई वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान की स्थिति और केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


एसडीएम श्रेयांश तिवारी ने बताया कि जिले में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। मतदाता केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिन चढ़ने के साथ मतदान में और तेजी आएगी।


मतदान करने पहुंचे मतदाताओं ने बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य को प्रमुख मुद्दा बताया। उनका कहना है कि चुनाव जीतने के बाद प्रतिनिधियों को केवल वादों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करके लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।


ज्योतिष तरुण कुमार ने भी मतदान और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी को लेकर अपनी बात रखी। वहीं, वशिष्ठ यादव ने कहा कि युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।


डॉ. ओम प्रकाश ने बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने से उन्हें नशे की लत से दूर रखने में मदद मिल सकती है। इसके लिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत है।


मतदाताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लगाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि विधान परिषद के प्रतिनिधियों को चुनाव जीतने के बाद भी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।



अब मतदाताओं की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्वाचित होने वाले प्रतिनिधि शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर कितना प्रभावी काम करते हैं।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *