1990 से आयोजित हो रहा खुर्दा का दुर्गा पूजा मेला, दिल्ली से पहुंची 20 सदस्यीय टीम; राजस्थान, हरियाणा, यूपी और महाराष्ट्र के पहलवान भी दिखाएंगे कुश्ती का हुनर
जिले के खुर्दा में दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले में इस बार भी कुश्ती का रोमांच देखने को मिलेगा। मेले में भाग लेने के लिए दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों की 20 सदस्यीय टीम सहरसा पहुंच चुकी है। सोमवार को मेले के उद्घाटन के बाद दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के पहलवान अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के प्रयास से खुर्दा में वर्ष 1990 से लगातार दुर्गा पूजा के अवसर पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में हर साल देश के विभिन्न हिस्सों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान हिस्सा लेने पहुंचते हैं। इस बार भी राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के पहलवान दंगल में भाग लेंगे। कुश्ती प्रतियोगिता के साथ मेले में मुंबई के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
**युवतियों को खेल के क्षेत्र में आगे आने की अपील**
अंतरराष्ट्रीय पदक प्राप्त खिलाड़ी माननीया राजपूत ने कहा कि आज की युवा लड़कियों को खेल के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। खेल में बेहतर भविष्य बनाने के काफी अवसर हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अंडर-17 प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। उन्होंने युवतियों से खेल के प्रति रुचि विकसित करने और अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की।
**कई राज्यों के पहलवान दिखाएंगे दमखम**
कुश्ती कोच विक्रम कुमार ने बताया कि वह कई वर्षों से खुर्दा मेले में शामिल होने आ रहे हैं। सांसद पप्पू यादव के द्वारा यहां दंगल का आयोजन कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के पहलवान हिस्सा लेंगे। सभी पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
खुर्दा मेले में कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें दंगल के मुकाबलों पर टिकी हैं।






