बुधवार, 30 सितंबर 2026 को कोशी क्षेत्र, सहरसा के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष, भा.पु.से. ने पुलिस केन्द्र, सुपौल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, सुपौल एवं पुलिस उपाधीक्षक, रक्षित, पुलिस केन्द्र सुपौल मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने रक्षित कार्यालय के विभिन्न भवनों का जायजा लिया। इसके साथ ही उपस्कर शाखा, परिवहन शाखा, दिवा कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं में संधारित पंजियों एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। कोत शाखा में रखे अभिलेखों तथा शस्त्रागार में मौजूद शस्त्रों की भी जांच की गई।
डीआईजी ने पुलिस केन्द्र के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन किया और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस केन्द्र में नवनियुक्त सिपाहियों के चल रहे प्रशिक्षण का भी जायजा लिया गया। डीआईजी ने प्रशिक्षणरत सिपाहियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने प्रशिक्षणरत सिपाहियों को आधुनिक पुलिसिंग एवं पुलिसिंग के नए तरीकों से अवगत कराने पर जोर दिया।
डीआईजी ने सिपाहियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और प्रशिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक, सुपौल को आवश्यक निर्देश दिए।


