बेटे का शव देखते ही मां ने तोड़ा दम, एक ही आंगन से उठीं मां-बेटे की अर्थियां; नम आंखों से जलीं दो चिताएं 24 घंटे में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सहरसा जिला के सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चानन पंचायत के सहुरिया, हनुमान टोला में रविवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। राशन कार्ड विवाद में हत्या के बाद पोस्टमार्टम से अर्जुन सादा का शव घर पहुंचा तो बेटे का शव देखते ही उसकी 80 वर्षीय मां पविया देवी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं। बेटे के शव पर गिरकर विलाप करते-करते उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद एक ही आंगन से मां और बेटे की अर्थी एक साथ उठी और श्मशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ दो चिताएं जलती देख पूरा गांव गमगीन हो गया।

बेटे का शव देखते ही बिगड़ी मां की हालत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर बाद एंबुलेंस से अर्जुन सादा का शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। लाठी के सहारे बैठी उनकी वृद्ध मां पविया देवी बेटे का शव देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगीं। कुछ ही देर में वह अचेत होकर शव पर गिर पड़ीं। परिजनों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


अर्जुन सादा अपने पीछे चार पुत्रियां और दो पुत्र छोड़ गए हैं। एक ही दिन में पिता और दादी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

राशन कार्ड पर फिंगर लगाने को लेकर हुआ था विवाद

बताया जाता है कि 5 सितंबर को सहुरिया वार्ड नंबर-13 स्थित हनुमान टोला में राशन वितरण के दौरान ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। पुरानी रंजिश के कारण विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल कोकराहां टोल निवासी हरीलाल सादा के पुत्र अर्जुन सादा की मौत हो गई थी।

24 घंटे में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए सहरसा एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ निशीकांत भारती के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन मुख्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



एसडीपीओ निशीकांत भारती ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि चिड़ैया थाना कांड संख्या-53 के तहत तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार पिता शकलदेव सादा, सूरज कुमार पिता मागेन सादा और शंकर कुमार पिता गंगो सादा, सभी निवासी कोकराहां टोल, सहुरिया, थाना चिड़ैया शामिल हैं।

छह महिलाओं समेत 20 लोगों पर प्राथमिकी

मृतक के भाई अरविंद सादा के लिखित आवेदन पर चिड़ैया थाने में छह महिलाओं समेत कुल 20 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



छापेमारी दल में चिड़ैया थानाध्यक्ष पुअनि इन्द्रजीत कुमार तांती, पुअनि प्रेमचन्द्र चौधरी, सअनि सुबोध कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

एसडीपीओ ने कहा- बाकी आरोपियों को भी जल्द किया जाएगा गिरफ्तार

एसडीपीओ निशीकांत भारती ने कहा कि घटना बेहद दुखद और संवेदनशील है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर तीन मुख्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई जारी है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *