सहरसा में राखी बांधने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, परिवार में पसरा मातम

मनौरी प्लांट के समीप हुआ हादसा, सोनवर्षाराज से सहरसा ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मनौरी प्लांट के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी, तभी रास्ते में दुर्घटना की शिकार हो गई। गंभीर हालत में सोनवर्षाराज से सहरसा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर थाना क्षेत्र स्थित रायभीर गांव निवासी अर्जुन मंडल की 35 वर्षीय पत्नी कुंदन देवी के रूप में हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, कुंदन देवी अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से सोनवर्षाराज के हनुमान टोला निवासी जितो विश्वास के यहां राखी बांधने जा रही थीं। इसी क्रम में सोनवर्षाराज से करीब दो किलोमीटर पहले मनौरी प्लांट के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे कुंदन देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, परिजनों के अनुसार एक अज्ञात बाइक सवार द्वारा टक्कर मारे जाने की बात भी सामने आ रही है।


तीन संतानों के सिर से उठा मां का साया


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल महिला को सोनवर्षाराज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से सहरसा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतका के चचेरे भाई पिंटू कुमार ने बताया कि कुंदन देवी के पति अर्जुन मंडल मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *