सहरसा। सौर बाजार थाना क्षेत्र के शीतल पट्टी में सड़क पार करने के दौरान अज्ञात बाइक सवार की ठोकर से घायल हुए 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कांप पूर्वी पंचायत के शीतल पट्टी वार्ड नंबर 9 निवासी मंजेश कुमार (26 वर्ष), पिता बिजेंद्र यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि 10 तारीख की शाम करीब 6 बजे मंजेश कुमार सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में मंजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सौर बाजार पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुधवार सुबह घटना की सूचना सौर बाजार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात बाइक सवार की पहचान करने के लिए मामले की जांच में जुटी है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।





