सहरसा: जिले के देव रिसोर्ट में रविवार शाम नीट और जेईई 2026 परीक्षा में सफल हुए मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सफल विद्यार्थियों को चादर ओढ़ाकर एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष धीरेंद्र यादव, राजद प्रदेश महासचिव धनिक लाल मुखिया, एनएसयूआई के पूर्व संयोजक मनीष कुमार, भाजपा जिला प्रवक्ता अमर ज्योति जायसवाल, अजय आजाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सबसे खास पल तब रहा जब एक ही परिवार के दो बेटों और एक बेटी के नीट 2026 परीक्षा में सफल होने पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने इसे परिवार की मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
आयोजक डॉ. चंदन कुमार और नंदन कुमार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे सहरसा जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि ऐसे सम्मान समारोहों का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित करना है।
तीनों सफल बच्चों के पिता रोहित कुमार ने कहा कि इस वर्ष नीट परीक्षा का परिणाम उनके परिवार के लिए बेहद खुशी लेकर आया है। उनके दो बेटे और एक बेटी ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है, जो उनके लिए गर्व का विषय है।
जेईई 2026 में सफल विद्यार्थियों में सोनू कुमार, सत्यम कुमार, विश्वास आनंद और सक्षम ठाकुर शामिल रहे। वहीं नीट 2026 में रजनीश कुमार, साक्षी कुमारी, प्रह्लाद कुमार, रहमत अली, विवेक कुमार, राजेश कुमार, सुधांशु कुमार, बादल प्रकाश, बिभांशु कुमार, मंजेश कुमार, दिवाकर कुमार, रूचि कुमारी, कोमल कुमारी, सान्या ज़मीर, आरोही कुमारी और मीनू कुमारी को सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।








