सहरसा: जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार चोरी की वारदातें सामने आने के बाद अब लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े चोर गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है।
ताजा मामला सहरसा शहर के गंगजला स्थित नगर निगम कार्यालय के समीप का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक कंप्यूटर दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने के बजाय पीछे की करीब 10 इंच मोटी दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार रजनीश कुमार, जो सौर बाजार थाना क्षेत्र के नादो पंचायत निवासी हैं, ने बताया कि वह वर्ष 2022 से किराए पर दुकान लेकर कंप्यूटर पार्ट्स और रिपेयरिंग का काम कर रहे हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
दुकान के पीछे की दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान से तीन ग्राहकों के लैपटॉप, दुकानदार का निजी लैपटॉप, कैश काउंटर में रखे ₹4,000, करीब ₹25 हजार के कंप्यूटर माउस, 10 लैपटॉप चार्जर, 5 हार्ड डिस्क समेत कई अन्य सामान चोरी कर ले गए।
चोरी की इस घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं सबसे बड़ी चिंता उन ग्राहकों को लेकर है, जिन्होंने भरोसे के साथ अपने लैपटॉप मरम्मत के लिए दुकान में जमा किए थे। दुकानदार का कहना है कि अब वह ग्राहकों को क्या जवाब देंगे।
घटना की एक और बड़ी बात यह है कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, लेकिन वह कई दिनों से खराब पड़ा था। इस वजह से चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद नहीं हो सकी। लोगों का कहना है कि अगर कैमरा चालू होता तो पुलिस को चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती थी।
वहीं शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए कैमरे कई जगह सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। अगर निगरानी व्यवस्था सक्रिय होती तो शायद चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद दुकानदार ने सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सहरसा सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहर के व्यापारी और आम लोग परेशान हैं। पिछले कुछ समय में कई दुकानों और बंद मकानों को चोरों ने निशाना बनाया है। लोगों की मांग है कि रात में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए, ताकि लोगों का भरोसा पुलिस प्रशासन पर बना रहे।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर सहरसा में चोरों का आतंक कब खत्म होगा? क्या पुलिस चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा पाएगी या फिर चोर इसी तरह हर रात नई वारदातों को अंजाम देते रहेंगे?






