आलमनगर के बहुरवा टोला से बरामद हुईं दोनों बच्चियां, मजदूर ने सोशल मीडिया पर फोटो देखकर पुलिस को दी सूचना
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के रानीबाग चौधरी टोला निवासी सुरेश चौधरी की लापता 14 वर्षीय पुत्री चांदनी कुमारी और 7 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी आखिरकार करीब छह दिन बाद सकुशल बरामद कर ली गई हैं। दोनों बच्चियां आलमनगर थाना क्षेत्र के बहुरवा टोला, भागीपुर वार्ड संख्या-1 से मिलीं। बच्चियों के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, आलमनगर थाना क्षेत्र के बहुरवा टोला निवासी गोकुल ऋषिदेव ने बताया कि वह मजदूरी के सिलसिले में सुपौल गए थे। वहीं उन्हें दोनों बच्चियां लावारिस हालत में मिलीं। शुरुआत में बच्चियां अपने माता-पिता का नाम और पता नहीं बता रही थीं तथा खुद को लावारिस बता रही थीं। मानवीय आधार पर गोकुल ऋषिदेव उन्हें अपने घर ले आए और छह दिनों तक उनकी देखभाल की।
बाद में सोशल मीडिया और मोबाइल पर दोनों बच्चियों की तस्वीरें तथा सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस द्वारा जारी सूचना देखने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बहुरवा टोला पहुंची और दोनों बच्चियों को सकुशल अपने साथ लेकर थाने आई।
पुलिस पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे पढ़ाई करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें लगता था कि परिवार उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग नहीं करता और अक्सर डांट-फटकार लगाई जाती थी। इसी नाराजगी में दोनों बहनें घरेलू सामान खरीदने का बहाना बनाकर घर से निकल गईं।
इसके बाद स्टेशन पर खड़ी राजरानी एक्सप्रेस में बैठकर सुपौल पहुंचीं। वहां कुछ मजदूरों के संपर्क में आने के बाद उनके साथ आलमनगर चली गईं। बच्चियों ने बताया कि गुस्से के कारण वे घर वापस नहीं लौटना चाहती थीं और इसलिए किसी को अपना पता भी नहीं बताया।
इधर, दोनों बेटियों के सकुशल मिलने के बाद पिता सुरेश चौधरी और पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पिछले छह दिनों से बेटियों की चिंता में रो-रोकर बेहाल मां की आंखों में अब खुशी के आंसू हैं।
हाल ही में बेटियों की बरामदगी की मांग को लेकर धरना देने वाले परिवार ने राहत की सांस ली है। परिवार ने बच्चियों को सुरक्षित खोज निकालने के लिए सिमरी बख्तियारपुर पुलिस और सूचना देने वाले गोकुल ऋषिदेव का आभार व्यक्त किया।






