सहरसा में शक ने उजाड़ा परिवार: कीटनाशक खाने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत, मां और 3 वर्षीय बेटा अस्पताल में भर्ती

सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के मधुरा गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कीटनाशक पदार्थ खाने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और 3 वर्षीय बेटा का अस्पताल में इलाज चल रहा है।



मृतका की पहचान चीकू कुमारी (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं सोनी कुमारी और उनका 3 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। तीनों मूल रूप से मधेपुरा जिले के भिरखी वार्ड संख्या-25 के निवासी हैं और घटना के समय ससुराल मधुरा गांव में थे।



मृतका की नानी शकुंतला देवी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी सोनी कुमारी और दोनों बच्चों ने ससुराल में कीटनाशक दवा खा ली है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान चीकू कुमारी की मौत हो गई।


परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी अविश्वास को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों एक-दूसरे पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक करते थे, जिसके कारण अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था। मृतका की मां का आरोप है कि उनके दामाद का किसी दूसरी महिला से संबंध था, जबकि पति अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाता था।


इसी पारिवारिक तनाव के बीच यह घटना हुई। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और कीटनाशक किसने तथा कैसे खाया या खिलाया, इसकी पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


अस्पताल में इलाज कर रहे डॉ. अभिमन्यु कुमार ने बताया कि सोनी कुमारी और गोलू कुमार की स्थिति में फिलहाल सुधार हो रहा है और दोनों का इलाज जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही सौर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

BJP नेता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *