सहरसा में आकाशीय बिजली का कहर: महिला और 10 वर्षीय बालक की मौत, युवक समेत दो घायल

सहरसा जिले के सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खजुराहा और दैहद पंचायत में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक अन्य बच्चा घायल हो गए। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



जानकारी के अनुसार, खजुराहा पंचायत के वार्ड संख्या 7 निवासी प्रेम सादा की 32 वर्षीय पत्नी कारी देवी खेत में मूंग तोड़ने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से कारी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इसी पंचायत के वार्ड संख्या 4 निवासी किशोरी ठाकुर के 20 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनवर्षा राज में भर्ती कराया गया है।



दूसरी घटना दैहद पंचायत के वार्ड संख्या 1 स्थित दमहा मुसहरी में हुई। यहां वीरबल सादा का 10 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार घर के पास खड़ा था। अचानक हुई वज्रपात की घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में एक अन्य बच्चा भी झटके की चपेट में आकर घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा राज थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सोनवर्षा राज थाना अध्यक्ष नागमणि ने बताया कि वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



लगातार हो रही बारिश और मौसम में बदलाव के बीच आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेत, खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। वहीं स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को सरकारी आपदा राहत मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है।

About The Author

Related Posts

आनंद मोहन की रिहाई बरकरार रहने की कामना को लेकर सहरसा में समर्थकों ने की विशेष पूजा-अर्चना, सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले मंदिर में जुटे कार्यकर्ता

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

सहरसा में ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; सड़क जाम कर न्याय की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *