सहरसा। कोसी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘नशामुक्त कोसी अभियान’ के तहत शुक्रवार को सहरसा बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं, छात्रों और स्थानीय लोगों को सूखे नशे (ड्रग्स) सहित विभिन्न मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नशामुक्त कोसी अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। समाज के लोग खुद आगे आकर इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से हमेशा दूर रहें और अच्छे नागरिक बनकर समाज एवं देश के विकास में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि कई समस्याओं की शुरुआत है। नशे की लत युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकती है। इसलिए युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक कार्यों में लगाएं। साथ ही बिहार सरकार एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।
डीआईजी ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहरसा, सुपौल और मधेपुरा को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सभी लोग मिलकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।






