सहरसा। शहर के नया बाजार स्थित शंकर चौक सब्जी मंडी में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। मोटरसाइकिल से अचानक गिरने के बाद 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नारायण चौधरी के रूप में हुई है। वह सरौजा वार्ड संख्या-12 के निवासी थे और नया बाजार में फुल झा के मकान में किराये पर रहते थे। बताया जाता है कि वह आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रैक्टिस करते थे।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, नारायण चौधरी शुक्रवार की सुबह छठ पूजा की खरीदारी करने और दवा लेने के लिए मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। इसी दौरान शंकर चौक स्थित सब्जी मंडी में अचानक वह बाइक से नीचे गिर पड़े। उन्हें गिरता देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
सब्जी मंडी के एक दुकानदार ने बताया कि नारायण चौधरी अचानक मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए थे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
वहीं, मृतक के पुत्र कृष्णा कुमार ने बताया कि उनके पिता सुबह घर से सब्जी और दवाई लेने के लिए निकले थे। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने फोन कर उनके पिता की मौत की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। हालांकि, नारायण चौधरी की मौत किस वजह से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बाइक से गिरने के बाद उनकी अचानक मौत होने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। छठ पूजा की खरीदारी करने घर से निकले नारायण चौधरी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।






