मत्स्यगंधा पर्यटन स्थल में संत बाबा कारू खिरहर संग्रहालय को जगह नहीं मिलने पर भड़का आक्रोश, अस्पताल परिसर में शिफ्ट करने का विरोध

नुनु यादव बोले- कोसी के लोकदेवताओं की हो रही उपेक्षा, मांग पूरी नहीं हुई तो 5 से 7 लाख लोकगाथा प्रेमियों के साथ होगा आंदोलन

सहरसा। आदि काल से पूजे जाने वाले संत बाबा कारू खिरहर के संग्रहालय को मत्स्यगंधा पर्यटन स्थल में जगह नहीं मिलने और अस्पताल परिसर में स्थानांतरित किए जाने की योजना को लेकर विरोध शुरू हो गया है। संत बाबा कारू खिरहर विकास परिषद एवं अखिल भारतीय भगैत महासंघ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन, सांसद एवं विधायकों से संग्रहालय को मत्स्यगंधा पर्यटन स्थल में ही स्थापित करने की मांग की है।


संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देव नारायण उर्फ नुनु यादव ने कहा कि कोसी क्षेत्र के संत-महापुरुषों और लोकदेवताओं को लंबे समय से उपेक्षित रखा गया है। उन्होंने कारू बाबा, बेनी बाबा, बौआ बख्तर, अंदु माली, दीना-भद्री, लोरिक, पंजियार, वेगठा चमार, मीरा साहब और उदय साह सहित कई लोकदेवताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों की लोकगाथाओं और विरासत को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है।


उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 1990 के दशक में संत बाबा कारू खिरहर संग्रहालय की स्थापना की पहल के बावजूद आज तक इसका समुचित विकास नहीं हो सका है। संग्रहालय के लिए पहले से फंडिंग की व्यवस्था होने की बात कहते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब मत्स्यगंधा पर्यटन स्थल पर करोड़ों रुपये की लागत से ग्लास ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है तो संत बाबा कारू खिरहर संग्रहालय को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई? उन्होंने कहा कि संग्रहालय को पर्यटन स्थल में विकसित करने के बजाय अस्पताल परिसर में स्थानांतरित करने की बात कही जा रही है, जो कोसी की लोकसंस्कृति और आस्था की उपेक्षा है।


नुनु यादव ने कहा कि पूर्व विधायक आलोक रंजन के कार्यकाल में कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से संग्रहालय निर्माण की पहल हुई थी, लेकिन उनके चुनाव हारने के बाद यह मामला लंबित रह गया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में कारू बाबा के नाम पर रेलवे स्टेशन और इंडोर स्टेडियम जैसी पहल हुई थी। उस दौरान कुछ विकास कार्य भी हुए, लेकिन बाद में संग्रहालय के विकास की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हो सका।


महपुरा स्थित संत बाबा कारू खिरहर स्थान मंदिर में न्यास बोर्ड की व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए। मंदिर संचालन की जिम्मेदारी सौंपने और वित्तीय अनियमितता की आशंका जताते हुए उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई तो 5 से 7 लाख लोकगाथा प्रेमियों के साथ आंदोलन किया जाएगा।


वहीं, संग्रहालय में कार्यरत परिचारी नासिर आलम ने कहा कि जिन लोकदेवताओं की हिंदू समाज के लोग पूजा-अर्चना करते हैं, उनके संग्रहालय को अस्पताल परिसर में रखा जाना उचित नहीं है। वहां न तो रहने की समुचित व्यवस्था है और न ही विकास की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यदि संग्रहालय मत्स्यगंधा पर्यटन स्थल में स्थापित होता तो पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ सरकार को राजस्व भी प्राप्त हो सकता था।


दस दिनों में शुरू होगा निर्माण कार्य : पदाधिकारी


इस संबंध में कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने बताया कि संत बाबा कारू खिरहर संग्रहालय के लिए पूर्व में ही जमीन आवंटित कर दी गई है। लगभग दस दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि भगैत लोकगाथा से जुड़े कलाकारों के लिए सरकार की ओर से पेंशन योजना भी संचालित है। इच्छुक कलाकार पंजीकरण कराकर योजना का लाभ ले सकते हैं।


अब संग्रहालय को मत्स्यगंधा पर्यटन स्थल में स्थापित करने की मांग और विभाग की ओर से जमीन आवंटन एवं निर्माण कार्य शुरू करने की जानकारी के बीच प्रशासन के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *