छठ घाटों की बदलेगी सूरत, 10 दिनों में पूरी होगी साफ-सफाई; दीपावली से पहले चमकेंगे नगर निगम के सभी 95 घाट

डीएम दीपेश कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, जलकुंभी हटाने, रंगाई-पुताई और लाइटिंग समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूरी करने का दिया निर्देश


लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सहरसा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, जलाशयों की स्थिति और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अगले 10 दिनों के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने मत्स्यगंधा झील, मत्स्य पोखर, सतपोखरा, न्यू कॉलोनी, गांधी पथ, शंकर चौक, मोसोमत पोखर, बायपास रोड और पॉलिटेक्निक सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की विशेष साफ-सफाई कराई जाए। जलाशयों से जलकुंभी हटाने के साथ घाटों की रंगाई-पुताई, पर्याप्त लाइटिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।


जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि छठ बिहार का महत्वपूर्ण लोक आस्था का महापर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसलिए सभी घाटों पर स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित रूप से घाटों का निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया।



वहीं, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 95 छठ घाटों की साफ-सफाई दीपावली से पहले पूरी कर ली जाएगी, ताकि छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।


निरीक्षण के दौरान डीडीसी गौरव कुमार, एडीएम निशांत कुमार, सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी, उप महापौर उमर हयात गुड्डू, विभिन्न वार्डों के पार्षद सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अज्ञात तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 50 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

वन विभाग ने सहरसा वासियों को दिया तीसरा तोहफा, 1.35 करोड़ की लागत से बने भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का आज होगा उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *