सहरसा। खबर बिहार के सहरसा से है, जहां महिषी थाना क्षेत्र के करहरा मध्य विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण को लेकर एनओसी लेने के विवाद में मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। विद्यालय की सचिव ललिता देवी ने महिषी थाना में आवेदन देकर प्रधानाध्याप अरसद रहमानी पत्नी नसीमा खातून, जो उसी विद्यालय में शिक्षिका है समेत अन्य लोगों पर विद्यालय परिसर में गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है।
थाना में दिए आवेदन के अनुसार, ललिता देवी अपने पति लालदेव कुमार आनंद के साथ विद्यालय पहुंची थीं। चहारदीवारी निर्माण को लेकर प्रधानाध्यापक से एनओसी लेने की बात थी। सचिव का आरोप है कि पूर्व में भी इस मामले को लेकर शिकायत किए जाने के कारण प्रधानाध्यापिका और उनके पति नाराज थे। शनिवार को विद्यालय पहुंचने के बाद इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान उनके पति के साथ मारपीट की गई और मौके पर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान विद्यालय में भय का माहौल बन गया और शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। आवेदन में कहा गया है कि चहारदीवारी निर्माण को लेकर पूर्व में संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई थी, बावजूद इसके विद्यालय परिसर में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
मामले में शिक्षिका नसीमा खातून समेत अन्य लोगों का भी उल्लेख किया गया है। दूसरे पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों में भी भय का माहौल होने की बात कही गई है। पुलिस दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


