सहरसा। जिले में एक हिंदू युवती ने मुस्लिम युवक पर कथित तौर पर पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का भरोसा देने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि जब युवक उसके संपर्क में आया था, तब उसने अपना नाम ‘गुड्डू’ बताया था।
उस समय युवती को उसके मुस्लिम होने की जानकारी नहीं थी।युवती के अनुसार, बाद में युवक की वास्तविक पहचान सामने आई। इसके बावजूद युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि बाद में युवक ने धर्म परिवर्तन करने के बाद शादी करने की बात कही।
युवती ने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो युवक शादी से पीछे हटने लगा। युवती का आरोप है कि अब युवक किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी कर रहा है।मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर युवती ने पहले महिला थाना में आवेदन दिया था। प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर उसने पुलिस अधीक्षक और डीआईजी से शिकायत की। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। हालांकि, युवती का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
इसी मामले को लेकर ज्योति विवेकानंद संस्थान की संस्थापिका ज्योति मिश्रा और बजरंग दल के सदस्य युवती के साथ महिला थाना पहुंचे। ज्योति मिश्रा ने मामले को ‘लव जिहाद’ बताते हुए युवती को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं, महिला थाना प्रभारी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


