कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन उतारेगा उम्मीदवार, डॉ. वंदना कुमारी होंगी प्रत्याशी

सहरसा:चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद बुधवार की रात सहरसा पहुंचे। पटुआहा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रांगण में एसोसिएशन के सदस्यों ने फूल-माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रेस वार्ता कर आगामी कोसी स्नातक क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से उम्मीदवार उतारने की घोषणा की।



शमायल अहमद ने कहा कि वर्ष 2009 में केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम पारित किया गया था, जो वर्ष 2010 से देशभर में लागू हुआ। बिहार में इसे वर्ष 2011 में लागू किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी विद्यालयों के अस्तित्व और संचालन को लेकर कई तरह की चुनौतियां सामने आईं, जिसके खिलाफ निजी विद्यालयों के संगठनों ने एकजुट होकर आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने में एसोसिएशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



उन्होंने बताया कि एसोसिएशन का विस्तार अब राष्ट्रीय स्तर पर हो चुका है और इसके दो लाख से अधिक सदस्य हैं, जबकि बिहार में 25 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। लंबे समय से एसोसिएशन के सदस्यों की मांग थी कि संगठन के बीच से भी कोई प्रतिनिधि विधानसभा या विधान परिषद में पहुंचकर निजी विद्यालयों की समस्याओं को सदन में उठाए।


उन्होंने कहा कि हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 में होने वाले कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव में संगठन की ओर से उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय के तहत डॉ. वंदना कुमारी को उम्मीदवार बनाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि डॉ. वंदना कुमारी वर्तमान में एक प्रतिष्ठित विद्यालय की प्राचार्य हैं और शिक्षित, अनुभवी एवं डायनेमिक महिला हैं।


एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कोसी स्नातक क्षेत्र के 14 जिलों के एसोसिएशन अध्यक्षों के साथ मधेपुरा में बैठक कर चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई है। उनके अनुसार इन 14 जिलों में करीब 7 से 8 हजार निजी विद्यालय हैं और एसोसिएशन से जुड़े लगभग 70 से 80 हजार स्नातक मतदाता हैं। संगठन इन मतदाताओं के बीच जाकर अपने प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाएगा।


उन्होंने कहा कि संगठन ने चुनाव को लेकर 14 प्रमुख मुद्दों को अपने घोषणापत्र में शामिल किया है। यदि डॉ. वंदना कुमारी चुनाव जीतकर विधान परिषद पहुंचती हैं तो घोषणापत्र में शामिल मुद्दों को सरकार के स्तर पर लागू कराने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा और तीन महीने के अंदर उन्हें अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा।

सहरसा के 100 गरीब बच्चों को पटना में मेडिकल-इंजीनियरिंग की तैयारी

प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन की ओर से सामाजिक पहल की भी घोषणा की गई। शमायल अहमद ने कहा कि सहरसा के 100 गरीब बच्चों का चयन कर उन्हें कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के साथ मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना भेजा जाएगा। इसके लिए सहरसा जिला अध्यक्ष को योग्य बच्चों के चयन का निर्देश दिया गया है। चयनित बच्चों को दो वर्षों तक पटना में रहकर पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *