सहरसा। बिहार के सहरसा में सोमवार को कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने पुलिस लाइन पहुंचकर प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षु कांस्टेबलों से मुलाकात की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षण लेने और आने वाले समय में बिहार पुलिस का नाम रोशन करने के लिए मोटिवेट किया।
डीआईजी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं डीजीपी के आदेश के आलोक में सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिले में जहां-जहां प्रशिक्षु कांस्टेबल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, वहां जाकर उनसे मुलाकात की जा रही है। इस दौरान प्रशिक्षुओं की समस्याओं को सुना जा रहा है और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इंडोर और आउटडोर प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों को आवश्यक जानकारी देकर लगातार मोटिवेट किया जा रहा है, ताकि वे अच्छी ट्रेनिंग प्राप्त कर जिम्मेदारी के साथ बिहार पुलिस में अपनी सेवा दे सकें। सहरसा जिले में कुल 178 प्रशिक्षु कांस्टेबल प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसी क्रम में डीआईजी ने सोमवार को पुलिस लाइन पहुंचकर सभी प्रशिक्षुओं से मुलाकात की और दिशा-निर्देश दिए।
सदर थाना के लंबित कांडों की भी हुई समीक्षा
इसके अलावा डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सदर थाना को गोद लिए जाने के बाद वहां की पुलिसिंग व्यवस्था और लंबित कांडों के निष्पादन की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस महीने सदर थाना में 200 लंबित मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर सहरसा के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।


