सहरसा: जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में एसडीपीओ कार्यालय के समीप नहर किनारे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान सिमरी बख्तियारपुर के पहाड़पुर बाजार वार्ड नंबर-2 निवासी योगेंद्र शाह के 21 वर्षीय पुत्र सदानंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सदानंद दो भाइयों में सबसे छोटा था और गांव में ही मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन साल की एक बच्ची का पिता भी था।
मृतक के परिजन सुजीत कुमार ने बताया कि सदानंद घरेलू काम से सिमरी बख्तियारपुर बाजार गया था। काम पूरा करने के बाद वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान एसडीपीओ कार्यालय के समीप नहर किनारे तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और उसे रौंद दिया।
हादसे में सदानंद के पैर समेत कमर तक के शरीर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


