सहरसा के पत्रकार मोहन प्रकाश जयपुर में ‘बेस्ट स्टोरी’ अवार्ड से सम्मानित

राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी और भास्कर ग्रुप के  डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दिया सम्मान


कोसी-सीमांचल की डिजिटल पत्रकारिता को राष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान मिली है। दैनिक भास्कर डिजिटल के सहरसा ब्यूरो प्रभारी मोहन प्रकाश को उनकी उत्कृष्ट और खोजी रिपोर्टिंग के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट स्टोरी’ अवार्ड से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित पांचसितारा होटल ‘द ललित’ में आयोजित ‘राजस्थान न्यूज ट्रेनिंग एवं पत्रकार सम्मान समारोह’ के दौरान प्रदान किया गया।



यह भव्य कार्यक्रम दैनिक भास्कर और विश्व विख्यात टेक कंपनी गूगल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

डिप्टी सीएम और भास्कर ग्रुप के प्रमोटर ने सौंपा प्रशस्ति पत्र

समारोह के मुख्य मंच पर राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, दैनिक भास्कर ग्रुप के निदेशक गिरीश अग्रवाल तथा गूगल व भास्कर डिजिटल के शीर्ष अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मोहन प्रकाश को मंच पर प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।



सहरसा से जुड़ी एक अहम खोजी खबर को स्क्रीन पर प्रदर्शित करते हुए उनके साहसिक और तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रयास की सराहना की गई।


डिजिटल पत्रकारिता में निष्पक्षता और जमीनी सरोकार की मिसाल


समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि डिजिटल युग में त्वरित सूचना के साथ-साथ खबरों की सत्यता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण है। जब जमीनी स्तर से पत्रकार जनहित के मुद्दों को बेबाकी से उठाते हैं, तभी समाज और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आता है।


वहीं, भास्कर समूह के गिरीश अग्रवाल ने कहा कि गूगल के साथ मिलकर आयोजित यह प्रशिक्षण व सम्मान समारोह पत्रकारों की डिजिटल दक्षता को बढ़ाने के साथ-साथ उत्कृष्ट पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने का माध्यम है। उन्होंने मोहन प्रकाश सहित सभी पुरस्कृत पत्रकारों को बधाई दी।


सहरसा के मीडिया जगत व सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर



सहरसा जैसे क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के मंच पर ‘बेस्ट स्टोरी’ का पुरस्कार मिलने से जिले के पत्रकारिता जगत, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।



स्थानीय पत्रकारों ने इसे पूरे कोसी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि मोहन प्रकाश की इस उपलब्धि ने साबित किया है कि सच्ची निष्ठा, गहन पड़ताल और जनसरोकार से की गई पत्रकारिता की गूंज राष्ट्रीय स्तर तक सुनाई देती है। बधाई देने वालों में जिले के कई वरिष्ठ पत्रकार, प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

Related Posts

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में सेवानिवृत्त हेडमास्टर ने पड़ोसी पर लगाया धमकी और घर में पानी बहाने का आरोप, डीआईजी व हाईकोर्ट रजिस्ट्रार जनरल से लगाई गुहार

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

सहरसा में मेयर बैन प्रिया ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *