सहरसा: जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली के पोल से टकराने के बाद वाहन में करंट प्रवाहित होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सहरसा सदर थाना क्षेत्र के समीप रनखेत इलाके की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के सिपाही टोला निवासी स्वर्गीय योगानंद के 46 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है। सुमन कुमार खुद की पिकअप गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
मृतक के साले उदय कुमार ने बताया कि सुमन कुमार पूर्णिया से सहरसा के गोरियारी रामपुर स्थित आयर्न के यहां से मुर्गा लेकर वापस पूर्णिया लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब 11 बजे उनकी गाड़ी बिजली के 11 हजार वोल्ट के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद पूरी गाड़ी में बिजली का करंट प्रवाहित हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना अध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के रनखेत के पास बिजली प्रवाहित पोल से वाहन के टकराने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराते हुए परिजनों को सौंप दिया है।


