सहरसा। सदर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि निखिल आनंद उर्फ चनकी, पिता पहलाद प्रसाद यादव, ग्राम भरही, वार्ड नंबर-05, थाना एवं जिला सहरसा चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री का काम करता है। सूचना के सत्यापन के बाद सदर थाना पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके घर से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने निखिल आनंद उर्फ चनकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मो. जुनेद के दीवारी स्थान, सोनवर्षा कचहरी स्थित गैराज की विधिवत तलाशी ली गई। गैराज से दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस मामले में पुलिस ने अविनाश कुमार, पिता राजकिशोर यादव, ग्राम दिवारी स्थान, वार्ड नंबर-04, थाना सोनवर्षा कचहरी; नितीश कुमार उर्फ साका यादव, पिता बटन यादव, ग्राम दिवारी स्थान, वार्ड नंबर-02, थाना सोनवर्षा कचहरी तथा निखिल आनंद उर्फ चनकी, पिता पहलाद प्रसाद यादव, ग्राम भरही, वार्ड नंबर-05, थाना सदर, सहरसा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित अविनाश कुमार का पूर्व में सोनवर्षा कचहरी थाना कांड संख्या 846/2024 में आर्म्स एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं अविनाश कुमार एवं नितीश कुमार के खिलाफ सोनवर्षा कचहरी थाना कांड संख्या 25/2026 में धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस ने बरामद तीनों मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





