सहरसा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

सहरसा में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत सहरसा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा अंबेडकर चौक से शुरू होकर पटेल मैदान तक पहुंची।



तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर हिस्सा लिया और देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग तिरंगे से सराबोर नजर आया। स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।



यात्रा में बिहार के शिक्षा मंत्री सह सहरसा के प्रभारी मंत्री मिथिलेश तिवारी, पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन, भाजपा के कई नेता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अधिकारी एवं आम नागरिक शामिल हुए। जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग और नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा समेत कई वरीय पदाधिकारी भी यात्रा में मौजूद रहे।



इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।



इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भारत की लगभग 140 करोड़ आबादी के हर दिल में तिरंगा है और हर घर पर तिरंगा फहराने का संकल्प देशवासियों का है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के वीर पूर्वजों के बलिदान, त्याग और राष्ट्र की एकता का प्रतीक है।



उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान और उत्साह के साथ तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

Related Posts

वन श्रमिक संघ का DFO कार्यालय के समक्ष धरना, बकाया मजदूरी भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

वन श्रमिक संघ का DFO कार्यालय के समक्ष धरना, बकाया मजदूरी भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

सहरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; देसी कट्टा के साथ 5 गिरफ्तार

सहरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; देसी कट्टा के साथ 5 गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *