सहरसा। बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले विभिन्न बैंकों के कर्मियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मियों ने सप्ताह में पांच दिन कार्य दिवस लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। बैंक कर्मचारी कुमार लक्ष्मण ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर आरबीआई और भारत सरकार को मांग पत्र भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई जगहों पर पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है। वहीं BSNL और LIC जैसे संस्थानों में भी कर्मचारियों को पांच दिन कार्य करने की व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
वहीं बैंक ऑफ इंडिया के कर्मी मुकुंद झा ने कहा कि यदि सरकार इस बार भी बैंक कर्मचारियों की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो यूनियन के निर्देश पर कर्मियों को उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बैंकिंग क्षेत्र में भी सप्ताह में पांच दिन कार्य दिवस लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की।
प्रदर्शन में विभिन्न बैंकों के बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।





