सड़क सुरक्षा को लेकर देर शाम हुई कार्रवाई, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र की हुई जांच
सहरसा। शहर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बुधवार की देर शाम मत्स्यगंधा के समीप मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रंजन जायसवाल के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान सड़क से गुजरने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार रुपये का चालान काटा गया।

वाहन जांच अभियान के दौरान मोटरयान निरीक्षक की टीम ने एक-एक कर वाहनों को रोककर चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी कागजातों की मांग की। वहीं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के इस्तेमाल की भी जांच की गई। जांच में जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे या जिनके वाहन के प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी थी, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में मोटरयान निरीक्षक रंजन जायसवाल ने बताया कि सड़क पर वाहन चलाने के दौरान यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात और प्रदूषण प्रमाणपत्र साथ रखना अनिवार्य है। इसके अलावा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का इस्तेमाल अवश्य करना चाहिए। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वाहन जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। वाहन चालकों को चाहिए कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करें।
मोटरयान निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह का वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





