कारू बाबा मंदिर में बकाया पैसे मांगने को लेकर विवाद, दो पक्षों में गोलीबारी; एक को पैर में लगी गोली

सहरसा। इस वक्त की बड़ी खबर सहरसा से सामने आ रही है, जहां महिषी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कारू बाबा मंदिर परिसर में बकाया पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई है। गोलीबारी में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है, जबकि मारपीट में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। दोनों का इलाज कराया जा रहा है।


घटना को लेकर दुकानदार लक्ष्मण खिरहर ने बताया कि वह कारू बाबा स्थान में चाय और नाश्ते की दुकान चलाते हैं। उनके अनुसार, स्थानीय निवासी वीरेंद्र खिरहर और उनके लोगों द्वारा उनकी दुकान से लंबे समय से उधार में सामान लिया जा रहा था। बकाया राशि 18 हजार रुपये से अधिक हो जाने के बाद उन्होंने कई बार पैसे की मांग की।



लक्ष्मण खिरहर का आरोप है कि रविवार को दोबारा बकाया राशि मांगने पर पैसे देने से इनकार कर दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद संबंधित लोग अपने अन्य साथियों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचे और वहां भी मारपीट की। इस दौरान दुकान के सामान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। दुकानदार के मुताबिक, उन्हें धमकी देते हुए कहा गया कि मंदिर परिसर में उनकी जगह है और यहां उनकी दुकान नहीं चलेगी।


इसी विवाद के दौरान गोलीबारी होने की बात सामने आई है। घायल शंभू खिरहर के एक रिश्तेदार के अनुसार, दुकान पर निरंजन नाम के व्यक्ति के साथ विवाद हो रहा था। इसी दौरान गोली चलने लगी, जिसमें शंभू खिरहर के पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरे व्यक्ति के सिर में डंडे से चोट लगने की जानकारी है।


घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस की जांच के बाद ही गोलीबारी की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

वन श्रमिक संघ का DFO कार्यालय के समक्ष धरना, बकाया मजदूरी भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

वन श्रमिक संघ का DFO कार्यालय के समक्ष धरना, बकाया मजदूरी भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

सहरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; देसी कट्टा के साथ 5 गिरफ्तार

सहरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; देसी कट्टा के साथ 5 गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *