सहरसा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सहरसा के सचिव श्री कुद्दुस अंसारी के नेतृत्व में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कोशी क्षेत्रीय दिव्यांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति के डीबी रोड स्थित कार्यालय में आयोजित हुआ।
शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, विधिक सहायता एवं सरकार द्वारा उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान बताया गया कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण और भरण-पोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए करीब 200 व्हीलचेयर, 100 छड़ियां और 60 एंकलेट सहित विभिन्न सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण किया गया। सामग्री मिलने से जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता श्री चंद्र नारायण जायसवाल, आदिल उमर (यूडीसी सहायक), श्री बिनोद कुमार दास, श्री योगेश कुमार एवं अधिकार मित्र श्री भीम कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता लेने की अपील की गई।


