सहरसा: भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत 18 अगस्त 2026 को मध्य विद्यालय, रहुआमणि (सहरसा) में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत के नशा मुक्त युवा” रखा गया।
कार्यक्रम में कोशी क्षेत्र, सहरसा के पुलिस उपमहानिरीक्षक भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों सहित उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के बारे में जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने पूर्व से संचालित “नशा मुक्त कोशी” अभियान के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ अभियान से जुड़ने और इसकी रोकथाम में सहयोग करने की अपील की गई। लोगों को नशा मुक्त कोशी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस नंबर पर नशे से संबंधित सूचना कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के माध्यम से दी जा सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।




