लोक अदालत की तैयारी को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुई बैठक, बैंक ऋण, चेक बाउंस, बिजली बिल, पारिवारिक एवं अन्य सुलहनीय मामलों का होगा निष्पादन
सहरसा। आगामी 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA), पटना के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
लोक अदालत के सफल आयोजन एवं तैयारियों को लेकर सोमवार, 23 नवंबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में उनके सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुद्दुश अंसारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला वन पदाधिकारी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन,
सहायक श्रम आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी, पंचायत राज पदाधिकारी, माप-तौल विभाग के सहायक नियंत्रक, वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक, बीएसएनएल के मंडल अभियंता एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
लोक अदालत में शमनीय आपराधिक मामले, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना दावा वाद (MACT), बिजली एवं पानी बिल विवाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), चेक बाउंस से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण, श्रम विवाद एवं अन्य दीवानी मामलों का निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अनुसार लोक अदालत में मामलों का निष्पादन दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया जाता है। इसमें किसी प्रकार का न्यायिक शुल्क नहीं लगता है। पूर्व में जमा न्यायिक शुल्क भी नियमानुसार वापस कर दिया जाता है। लोक अदालत द्वारा पारित आदेश अंतिम एवं बाध्यकारी होता है तथा उसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों एवं संबंधित पक्षकारों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। जिन लोगों के मामले सुलह के आधार पर निपटाए जा सकते हैं, वे 12 दिसंबर से पहले किसी भी कार्यदिवस में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय पहुंचकर आवेदन दे सकते हैं, ताकि उनके मामलों के निष्पादन की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।





