सहरसा। बिहार के सहरसा में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम श्रेयांश तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों से एक्सपायरी डेट के दूध, चिकन और पनीर बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सौर बाजार, बैजनाथपुर, पुरब बाजार सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसडीएम श्रेयांश तिवारी ने बताया कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
एसडीएम ने यह भी बताया कि पूर्व में घरेलू गैस सिलेंडरों को भी जब्त किया गया था। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी, एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाना है।






