सहरसा। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर सहरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। अभियान के फेज-10 में पुलिस ने 123 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 25 लाख 29 हजार 558 रुपये बताई गई है।
सहरसा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के फेज-01 से फेज-10 तक अब तक कुल 651 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 16 लाख 39 हजार 12 रुपये है। बरामद मोबाइल को उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया गया।
फेज-10 के दौरान 10 से अधिक मोबाइल बरामद करने वाले पुलिस पदाधिकारियों में बसनही थाना के रौशन कुमार रजक ने 35 मोबाइल, बलवाहाट थाना के अमित कुमार रजक ने 16 मोबाइल, सिमरी बख्तियारपुर थाना के प्रभात कुमार ने 16 मोबाइल, सदर थाना के पुरुषोत्तम पासवान ने 16 मोबाइल तथा महिषी थाना के शिवम सिंह ने 14 मोबाइल बरामद किए।
सहरसा पुलिस ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में आम लोग अपने नजदीकी थाना को सूचना देने के साथ-साथ दूरसंचार विभाग के Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।
सहरसा पुलिस ने कहा कि आम लोगों के जीवन में हरसंभव सहायता पहुंचाने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने की दिशा में पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




