स्मैक तस्कर से सांठगांठ के आरोप में बैजनाथपुर थाने की एसआई खुशबू कुमारी निलंबित, डीआईजी कोशी की बड़ी कार्रवाई

सहरसा: कोसी क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘कोसी नशा मुक्ति अभियान’ के बीच पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना में पदस्थापित अपर थानाध्यक्ष एसआई खुशबू कुमारी को स्मैक तस्कर से कथित सांठगांठ के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कोसी क्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष के निर्देश पर की गई।



जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) द्वारा कराई गई तकनीकी जांच में एसआई खुशबू कुमारी और स्मैक तस्कर मिट्ठू कुमार के बीच लगातार संपर्क और बातचीत के साक्ष्य मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीआईजी कोशी ने एसआई से स्पष्टीकरण मांगा। स्पष्टीकरण में एसआई ने तस्कर के संपर्क में रहने की बात स्वीकार की। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सुपौल पुलिस लाइन में योगदान देने का आदेश दिया गया।



पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप पूरी तरह सिद्ध होने पर नियमानुसार और भी कठोर विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।


डीआईजी कोशी डॉ. कुमार आशीष ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस विभाग में किसी भी अधिकारी या कर्मी की गलत गतिविधियों में संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई पुलिसकर्मी अपराधियों या नशा तस्करों से मिलीभगत करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विधिसम्मत जांच के बाद कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाह और गलत आचरण वाले पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है तथा ऐसे सभी मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



इस कार्रवाई को कोसी रेंज में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

  • Related Posts

    उत्तराखंड के किसानों ने सहरसा में सीखी मखाना की वैज्ञानिक खेती की तकनीक, अगवानपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

    उत्तराखंड के किसानों ने सहरसा में सीखी मखाना की वैज्ञानिक खेती की तकनीक, अगवानपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

    ऑटो पलटने से घायल 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम

    ऑटो पलटने से घायल 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *