सहरसा। सहरसा सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रूम का एक 38 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो आवारा कुत्ते पोस्टमार्टम हाउस के अंदर घुसकर प्लास्टिक के डिब्बे में सुरक्षित रखे गए विसरा (मानव अंग) को दांतों से नोचते और क्षतिग्रस्त करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के दौरान शव के कुछ अंगों को जांच के लिए सुरक्षित रखा जाता है, ताकि मौत के कारणों का सही पता लगाया जा सके और उसी आधार पर रिपोर्ट तैयार हो। लेकिन वायरल वीडियो ने पूरे सिस्टम की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
हैरानी की बात यह है कि पोस्टमार्टम रूम पूरी तरह बंद रहने का दावा किया जाता है, इसके बावजूद आवारा कुत्ते अंदर कैसे पहुंच गए, यह बड़ा सवाल बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोस्टमार्टम हाउस की हालत लंबे समय से बदहाल है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीर नहीं हैं।
इस घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि जब जांच के लिए सुरक्षित रखे गए मानव अंग ही सुरक्षित नहीं हैं तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर कैसे भरोसा किया जाए।
मामले को लेकर सोमवार रात सहरसा के सिविल सर्जन से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और यह जांच कराई जाएगी कि पोस्टमार्टम रूम में आवारा पशु कैसे घुसे। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की बात भी कही गई है।
फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।





