सहरसा शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगजला चौक रेलवे गुमटी के समीप स्थित विश्वकर्मा बैटरी दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का एस्बेस्टस तोड़कर अंदर घुसे और करीब 1 लाख 90 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
दुकान संचालक अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का एस्बेस्टस टूटा हुआ मिला और कैश काउंटर खुला हुआ था। अंदर जांच करने पर कैश गायब मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर रात 12:48 बजे एक चोर एस्बेस्टस तोड़कर दुकान में प्रवेश करता दिखाई दिया। दुकान के अंदर घुसते ही उसने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे का रुख बदल दिया, ताकि उसकी पहचान कैमरे में कैद न हो सके। इसके बाद उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। मामले में सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान में जुटी हुई है।




