सहरसा सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर सहरसा विधायक आई.पी. गुप्ता ने गुरुवार की शाम बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की भारी कमी, आउटसोर्सिंग व्यवस्था, एम्बुलेंस चालकों की समस्याएं, रोगी कल्याण समिति के संचालन और मेडिकल कॉलेज की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
विधायक आई.पी. गुप्ता ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि सहरसा सदर अस्पताल में 441 स्वीकृत पदों के मुकाबले वर्तमान में डॉक्टरों सहित मात्र 131 कर्मी ही कार्यरत हैं। कर्मियों की भारी कमी के कारण अस्पताल प्रबंधन पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर, एएनएम, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मियों की समस्याएं, एम्बुलेंस चालकों की स्थिति तथा रोगी कल्याण समिति के प्रभावी संचालन को लेकर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
मुलाकात के दौरान विधायक ने सहरसा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, जिससे कोसी क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें और गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की मजबूरी कम हो।
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्रस्तुत आवेदन पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
विधायक आई.पी. गुप्ता की इस पहल से सहरसा जिले के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।





