सहरसा: क्षेत्रीय अनुसंधान संस्थान, अगवानपुर में गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को डॉ. दिलीप महतो ने सह निदेशक अनुसंधान का पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय, पूर्णिया में सह अधिष्ठाता सह प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद डॉ. महतो ने संस्थान के वैज्ञानिकों की टीम के साथ मखाना पौध की रोपाई कर किसानों के हित में अपनी प्राथमिकताओं का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मखाना की उत्पादन क्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से “पाक्षिक मखाना चौपाल” का आयोजन गांव-गांव में किया जाएगा, ताकि किसानों को नई तकनीकों की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
डॉ. महतो ने बताया कि ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के तहत पहले से ही मौसम आधारित कृषि परामर्श के साथ मखाना फसल के लिए भी सलाह जारी की जा रही है, जिसका लाभ कोशी और सीमांचल क्षेत्र के किसान उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह के मार्गदर्शन एवं निदेशक अनुसंधान डॉ. अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में कोशी और सीमांचल क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन आधारित कृषि अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही नई कृषि तकनीकों के विकास के लिए विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की विशेष टीम गठित की जाएगी।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान सह निदेशक अनुसंधान डॉ. बिनोद सिंह ने औपचारिक रूप से डॉ. दिलीप महतो को पदभार सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. देवन कुमार चौधरी, उद्यान मुख्य वैज्ञानिक डॉ. एम.डी. ओझा, वरीय शस्य वैज्ञानिक डॉ. राधेश्याम, मखाना वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार, कनीय मृदा वैज्ञानिक डॉ. राजकिशोर, सिंचाई अनुसंधान केंद्र मधेपुरा के प्रभारी डॉ. पंकज कुमार यादव, कृषि मौसम वैज्ञानिक श्री रामानंद पटेल सहित क्षेत्रीय अनुसंधान संस्थान, अगवानपुर के सभी वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





